घरेलू गैस सिलेंडर महंगा, अब 913 रुपये में मिलेगी LPG, आज से लागू हुई नई दर

 घरेलू गैस सिलेंडर महंगा, अब 913 रुपये में मिलेगी LPG, आज से लागू हुई नई दर
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है। मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये का इजाफा किया गया है। अब यह सिलेंडर 853 रुपये की जगह ₹913 में मिलेगा। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 1883 रुपये  हो गई है। बढ़ी हुई कीमतें आज 7 मार्च से प्रभावी हो गई हैं।
यह मूल्यवृद्धि ऐसे समय में की गई है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते गैस की किल्लत की आशंका जताई जा रही है। इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने इमरजेंसी शक्तियों का उपयोग करते हुए देश की सभी सरकारी और निजी ऑयल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का कड़ा निर्देश दिया है।
सरकार ने आदेश दिया है कि रिफाइनरियां अब प्रोपेन और ब्यूटेन का उपयोग केवल रसोई गैस बनाने में ही करेंगी और इसकी सप्लाई इंडियन ऑयल (IOC), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) जैसी सरकारी तेल कंपनियों को सुनिश्चित करनी होगी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले ही स्पष्ट किया था कि पश्चिम एशिया में जियोपॉलिटिकल अस्थिरता के बावजूद भारत ऊर्जा की कमी का सामना नहीं करेगा। सरकार के पास वर्तमान में गैस का पर्याप्त रिजर्व मौजूद है और तेल कंपनियां आपूर्ति में किसी भी संभावित रुकावट को रोकने के लिए गल्फ क्षेत्र के बाहर के देशों से भी आयात कर रही हैं।