तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका से अफरातफरी, पेट्रोल पंप पर लगी लाइन
- राष्ट्रीय
Political Trust
- March 7, 2026
- 0
- 56
- 1 minute read
लखनऊ। ईरान, इस्रराइल व अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बाद तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका से यूपी के जिलों में खासकर ग्रामीण इलाकों में अफरातफरी का माहौल है। इसी डर से शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई जगहों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। पंप संचालकों को व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया।
बहराइच के सुजौली क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर देखा गया। सुबह से ही बाइक, कार और डीजल लेने आए किसानों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। कई ग्रामीण अतिरिक्त डिब्बों और गैलनों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए। ताकि, भविष्य में कीमत बढ़ने या आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में परेशानी न हो। भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को लाइन में लगाकर ईंधन दिलाने की व्यवस्था कराई।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में अचानक कई गुना अधिक ग्राहक पहुंच गए। इससे कुछ समय के लिए वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए तेल के दाम बढ़ने की आशंका है, इसलिए लोग पहले से ही ईंधन भरवा रहे हैं। पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामान्य रूप से ईंधन लेने की अपील की है, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
