ईरान बोला, हम युद्ध ज़ारी रखने को तैयार, अब तक 1230 लोगों की मौत
तेहरान।पश्चिम एशिया में तनाव अभी भी बरकरार है। ईरान ने इस्राइल, अमेरिकी सैन्य ठिकानों और क्षेत्र के कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की नई लहर शुरू कर दी। युद्ध शुरू होने के बाद अब तक ईरान में लगभग 1230 लोगों की मौत, लेबनान में 100 से ज्यादा और इस्राइल में करीब एक दर्जन लोगों की जान जा चुकी है।
कतर के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण कतर एयरवेज की निर्धारित उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित हैं। कतर एयरवेज की उड़ानें नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की ओर से हवाई क्षेत्र को सुरक्षित रूप से फिर से खोलने की घोषणा के बाद ही पुनः शुरू होंगी। 7 मार्च को दोहा समयानुसार सुबह 9:00 बजे (06:00 UTC) तक इस संबंध में और जानकारी दी जाएगी।
ईरान के हमले में कुवैत के 67 जवान घायल हो गए हैं। वहीं सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन टारगेट पर पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए हैं। कुवैत के सरकारी संचार केंद्र की एक ब्रीफिंग में शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता सऊद अल-अतवान ने कहा कि घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने आगे कहा कि दो लोगों को अभी भी मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
