असम में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 अफसरों के तबादले

 असम में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 अफसरों के तबादले

गुवाहाटी। असम सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्यभर में 15 वरिष्ठ आईएएस और राज्य सेवा के अधिकारियों का तबादला किया गया है। कई जिलों में नए उपायुक्त नियुक्त किए गए हैं और कई अधिकारियों को नए विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
असम में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने राज्यभर में 15 वरिष्ठ आईएएस और राज्य सेवा के अधिकारियों का तबादला किया है। चुनाव से पहले प्रशासन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस बदलाव के बाद कई जिलों में नए उपायुक्त नियुक्त किए गए हैं और कई अधिकारियों को नए विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी कामकाज को तेज करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
राज्य के कार्मिक विभाग की सचिव मोनिता बोरगोहेन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है। गृह एवं राजनीतिक विभाग के आयुक्त और सचिव पार्थ प्रतिम मजूमदार को बाजाली जिले का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं बाजाली के मौजूदा उपायुक्त मृदुल कुमार दास को गृह एवं राजनीतिक विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें एनआरसी के राज्य समन्वयक और ई-फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल प्रोजेक्ट का मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी बनाया गया है।
इन अधिकारियों का तबादला
सरकार के आदेश के अनुसार रोजगार और शिल्प प्रशिक्षण निदेशक नरेंद्र कुमार शाह को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के रूप में तैनात किया गया है। वहीं इस पद पर पहले काम कर रहे आदित्य विक्रम यादव को लखीमपुर जिले का उपायुक्त बनाया गया है। लखीमपुर के मौजूदा उपायुक्त प्रणबजीत काकोटी को कौशल रोजगार और उद्यमिता विभाग में अतिरिक्त सचिव और रोजगार एवं शिल्प प्रशिक्षण निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
किन जिलों में बदले गए उपायुक्त?
सामान्य प्रशासन विभाग की संयुक्त सचिव प्रीति कुमारी को वेस्ट कार्बी आंगलोंग का नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं सरंगा पानी शर्मा को परिवहन विभाग में सचिव और असम इनलैंड वाटर ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट सोसाइटी का राज्य परियोजना निदेशक बनाया गया है। वित्त विभाग की संयुक्त सचिव आयुषी जैन को दरांग जिले का उपायुक्त बनाया गया है। दरांग की मौजूदा उपायुक्त पबली गोहैन को गोलाघाट जिले का उपायुक्त बनाया गया है।