अमेरिकी हमले में अब तक 787 ईरानियों की मौत, ईरान में फंसे 9 हजार भारतीय

 अमेरिकी हमले में अब तक 787 ईरानियों की मौत, ईरान में फंसे 9 हजार भारतीय
तेहरान। भारत ने ईरान में रहने वाले अपने नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और यथासंभव घर के अंदर रहने की सलाह दी। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक नई सलाह में कहा, ‘मौजूदा स्थिति को देखते हुए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और यथासंभव घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है।’
आगे कहा,’भारतीयों को समाचारों पर नजर रखना जारी रखना चाहिए, स्थिति के प्रति सजग रहना चाहिए और भारतीय दूतावास से किसी भी आगे के मार्गदर्शन की प्रतीक्षा करनी चाहिए।’ बता दें कि छात्रों सहित लगभग 9,000 भारतीय ईरान में फंसे हुए बताए जा रहे हैं।ईरान में अमेरिका और इस्राइल के हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 787 हो गई है, यह जानकारी सरकारी मीडिया ने ईरानी रेड क्रिसेंट के हवाले से दी है। एयर फ्रांस ने मध्य पूर्व जाने वाली सभी उड़ानें रद्द की। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एयर फ्रांस ने घोषणा की है कि उसने गुरुवार तक इस्राइल, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गंतव्य स्थान पर सुरक्षा स्थिति के कारण एयर फ्रांस ने 5 मार्च, 2026 तक तेल अवीव, बेरूत, दुबई और रियाद से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।