ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet 18.10 करोड़ की संपत्ति जब्त

 ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet 18.10 करोड़ की संपत्ति जब्त
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), मुख्यालय, नई दिल्ली ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet के संबंध में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत लगभग 18.10 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया है कि 1xBet भारत में बिना अनुमति के चल रहा था। इसके जरिए कई मिरर वेबसाइटों को साथ लेकर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए की गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। इस प्लेटफॉर्म ने फर्जी बैंक खातों से जुड़ा एक गतिशील सिस्टम तैयार किया। यूपीआई आईडी के माध्यम से धन संग्रह के लिए एक गुप्त तंत्र अपनाया गया। इसका मकसद, वास्तविक लाभार्थियों को छिपा कर अपराध की आय को कई परतों में बांटना था। ईडी के मुताबिक, पार्थटेक डेवलपर्स एलएलपी, जो सीआरईएक्स और वनक्रिकेट जैसे लोकप्रिय क्रिकेट प्लेटफॉर्म संचालित करती है, ने 1xBet सहित अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्मों के प्रचार के लिए स्विट्जरलैंड स्थित Bwise Media AG के साथ सुनियोजित विज्ञापन समझौते किए थे। पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज बयानों से यह साबित हुआ कि 1xBet के विज्ञापन सीधे बुक किए गए थे। वे भौगोलिक रूप से लक्षित थे। इन्हें पार्थटेक डेवलपर्स एलएलपी के इन-हाउस विज्ञापन सर्वर ‘पार्थ एडेक्स’ के माध्यम से सीआरईएक्स प्लेटफॉर्म पर चलाया गया था। फिलहाल इस केस में वर्तमान कुर्की के साथ, अभी तक 37.23 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। आगे की जांच जारी है।