संयुक्त अरब अमीरात में फंसे कई पंजाबी परिवार

 संयुक्त अरब अमीरात में फंसे कई पंजाबी परिवार
लुधियाना। ईरान-इस्राइल टकराव के बीच कई पंजाबी परिवार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंस गए हैं। इनमें से ज्यादातर पर्यटक हैं जो अलग-अलग देशों में घूमने गए थे लेकिन फ्लाइट्स रद्द होने के कारण वह देश नहीं लौट पाए। पंजाब के एनआरआई मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने यूएई में फंसे पीड़ितों से फोन पर बात की। एक परिवार ने उन्हें बताया कि एयरपोर्ट में 60 से 70 पंजाबी परिवार उनके साथ थे। वह वहां घूमने गए थे। शनिवार को उनकी शारजाह से अमृतसर के लिए फ्लाइट थी लेकिन इस बीच वहां से फ्लाइट्स बंद कर दी गई। उन्होंने दूतावास से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन हो नहीं पाया है क्योंकि नंबर व्यस्त आ रहा है।पीड़ित ने बताया कि उन्हें एक होटल में रात गुजरानी पड़ी। हालांकि सुबह एक जानकार के संपर्क के बाद वह उसके घर आ गए हैं। वह लगातार दूतावास से संपर्क करने में लगे हैं।
इसी तरह बठिंडा का दंपती भी दुबई हवाई अड्डे के बंद होने के कारण वहां फंसे हुआ है। उन्होंने बताया कि हमारे पास पैसे खत्म हो गए हैं और हमारे पास जरूरी दवाएं भी नहीं हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द मदद पहुंचाने की अपील की है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी पीड़ित का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।