इस्राइल-ईरान युद्ध के असर से दिल्ली-अमृतसर एयरपोर्ट पर 110 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

 इस्राइल-ईरान युद्ध के असर से दिल्ली-अमृतसर एयरपोर्ट पर 110 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

नई दिल्ली। इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते भारत में कई अंतरराष्ट्रीय हवाई उड़ानें रद्द हो गई हैं। दिल्ली, केरल, पंजाब और अन्य राज्यों के हवाईअड्डों पर यात्री परेशान हैं। खाड़ी देशों के लिए उड़ानें विशेष रूप से प्रभावित हुईं, जिससे हवाईअड्डों पर लंबी कतारें और असुविधा देखी जा रही है।
इस्राइल और ईरान के बीच जारी जंग के चलते देशभर के हवाईअड्डों पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, खासकर खाड़ी देशों के लिए। पंजाब के अमृतसर हवाईअड्डे से जुड़ी तस्वीरों में यात्रियों की भीड़ और उनकी असुविधा दिखाई दे रही है। एक यात्री ने कहा मैं मिलान जा रहा था, लेकिन मेरी फ्लाइट जंग के कारण रद्द कर दी गई है।
केरल के चार अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों से गल्फ के लिए अधिकतर उड़ानें रविवार को रद्द रहीं। त्रिवेंद्रम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (TIAL) से शनिवार दोपहर के बाद से 37 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इनमें से रविवार को 26 उड़ानें विशेष रूप से रद्द की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट में 100 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGIA) पर कम से कम 100 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 60 प्रस्थान और 40 आगमन शामिल हैं। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एक्स पर पोस्ट में बताया कि पश्चिम एशिया में राजनीतिक परिस्थितियों के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली उड़ानों में व्यवधान या समय-सारणी परिवर्तन हो सकते हैं। इसके अलावा, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि देशभर में कुल 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें घरेलू एयरलाइनों द्वारा रद्द की जा सकती हैं।
अमृतसर एयरपोर्ट में आज 10 उड़ानें रद्द
अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को 10 उड़ानें रद्द की गईं। इसमें दो कतर एयरवेज उड़ानें (दोहा-अमृतसर और अमृतसर-दोहा), चार एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ानें (दुबई-अमृतसर, अमृतसर-शारजाह, शारजाह-अमृतसर और अमृतसर-दुबई) और स्पाइसजेट व इंडिगो की चार उड़ानें शामिल हैं।