ईरान की राजधानी तेहरान में तबाही का मंजर, धुएं का गुबार; हमले जारी

 ईरान की राजधानी तेहरान में तबाही का मंजर, धुएं का गुबार; हमले जारी

तेहरान। ईरान की राजधानी तेहरान में इस्राइल की एयर स्ट्राइक के बाद बड़े विस्फोट हुए और आसमान में धुएं के गुबार उठे। यह हमला ‘तेहरान के दिल’ को निशाना बनाकर किया गया। कई शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और नागरिकों में भय का माहौल है।
ईरान की राजधानी तेहरान में भारी विस्फोट हुआ, जिसके बाद आसमान में धुआं उठता देखा गया। इस्राइली सेना ने दावा किया कि यह हमला ‘तेहरान के दिल’ पर किया गया है। यह पहला मौका है जब हालिया अमेरिकी-इस्राइली हमलों के दौरान राजधानी के इस केंद्रीय हिस्से को निशाना बनाया गया।
ईरान के सरकारी स्थलों पर हमला
वीडियो में राजधानी के दो भवनों को हवाई हमलों में पूरी तरह नष्ट होते देखा जा सकता है। इससे पहले, इस्राइली सेना ने बताया था कि वह तेहरान के केंद्र में ईरानी आतंकवादी शासन के लक्ष्यों पर व्यापक हमलों की एक श्रृंखला चला रही है। हमलों का उद्देश्य ईरानी प्रशासनिक और रणनीतिक ढांचे को निशाना बनाना बताया जा रहा है और यह अभियान ईरान के प्रमुख सरकारी स्थलों पर केंद्रित है। स्थानीय मीडिया और अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद बड़े धुएं के गुबार उठे और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बन गया। नागरिकों ने सोशल मीडिया पर धुएं और तेज आवाज की तस्वीरें साझा की हैं।
ईरान ने अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद बड़े पैमाने पर बदला लेने की कसम खाते हुए इस्राइल और खाड़ी के कई अरब देशों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं। इन हमलों में बहरीन, कतर, अबू धाबी, दुबई और अन्य स्थान शामिल रहे। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह धमाका उस इलाके में हुआ जहां पुलिस हेडक्वार्टर और ईरानी सरकारी टेलीविजन के कार्यालय हैं। इस्राइली सेना ने कहा कि वह सेंट्रल तेहरान में लक्ष्य को निशाना बना रही है।
ट्रंप ने जवाबी कार्रवाई ना करने की ईरान को दी चेतावनी
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई या तनाव बढ़ाने का परिणाम गंभीर होगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा “बेहतर होगा कि वे ऐसा न करें, अन्यथा हम ऐसी ताकत से जवाब देंगे जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।” जानकारी के अनुसार, इजराइल और अमेरिका के इस संयुक्त हमले में खामेनेई के अलावा ईरान के आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ, डिफेंस मिनिस्टर, रिवोल्यूशनरी गार्ड के हेड और खामेनेई के एक शीर्ष सुरक्षा सलाहकार भी मारे गए।