हिजबुल्ला के ठिकानों पर इस्राइल के ताबड़तोड़ हवाई हमले
लेबनान। दक्षिणी लेबनान के इक्लीम अल-तुफ्फाह क्षेत्र में हिजबुल्ला के ठिकानों पर इस्राइल ने एक बार फिर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं। ब्लात और वादी बरघौती इलाकों को निशाना बनाए जाने की खबर है। नवंबर 2024 में इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच हुए संघर्षविराम के बावजूद यह ताजा कार्रवाई हुई है। जमीनी रिपोर्टों में नागरिक क्षेत्रों और बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
अल जजीरा के दक्षिणी लेबनान ब्यूरो के अनुसार दक्षिणी लेबनान के इक्लीम अल-तुफ्फाह क्षेत्र में ब्लात और वादी बरघौती पर कई हवाई हमले किए गए। अधिकतर हमले जंगलों और पहाड़ियों वाले हिजबुल्ला के इलाकों में हुए। इसके साथ ही इस्राइली लड़ाकू विमान लगातार दक्षिणी लेबनान के ऊपर उड़ान भरते रहे। लेबनानी चैनल अल-मयादीन ने पुष्टि की कि इस्राइली विमानों ने अल-तुफ्फाह क्षेत्र की पहाड़ियों पर सिलसिलेवार हमले किए। वहीं हिजबुल्ला से जुड़े अल-मनार टीवी ने बताया कि इस्राइली ड्रोन ने मरकाबा कस्बे में तीसरी बार विस्फोटक गिराए। बेका घाटी में भी हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हुए।
