बोलीविया में विमान हादसे में मरने वालों की संख्या 22 पहुंची

 बोलीविया में विमान हादसे में मरने वालों की संख्या 22 पहुंची

ला पाज। बोलीविया की राजधानी ला पाज के पास एक सैन्य मालवाहक विमान हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। यह विमान 18 टन नई छपी मुद्रा लेकर जा रहा था। हादसे में 29 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें ज्यादातर आम यात्री थे, क्योंकि विमान सड़क के पास गिरा था। रक्षा मंत्री मार्सेलो सालिनास ने बताया कि हरक्यूलिस C-130 विमान सांता क्रूज से नई करेंसी लेकर एल आल्टो एयरपोर्ट पर उतर रहा था। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसलकर पास के खेत में जा गिरा और उसमें आग लग गई। हादसे में 15 से ज्यादा गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सड़क पर नोट बिखरे हुए दिखे, जिन्हें लोग उठाने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति को संभालने के लिए 500 से ज्यादा सैनिक और 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष डेविड एस्पिनोजा ने कहा कि ये नोट कभी प्रचलन में नहीं आए थे, इसलिए उनकी कोई कानूनी मान्यता नहीं थी। लूटपाट रोकने के लिए नकदी के बक्सों को अधिकारियों की मौजूदगी में जला दिया गया।