नई दिल्ली। भारत की बढ़ती आर्थिक और राजनीतिक ताकत का ही असर है कि कनाडा, भारत के साथ रिश्ते सुधारने की कवायद में जुटा है। यही वजह है कि कनाडा ने ये मान लिया है कि कनाडा की धरती पर होने वाले अपराधों में भारत की कोई संलिप्तता नहीं है।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इस हफ्ते भारत आ रहे हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका के साथ कनाडा के व्यापारिक संबंधों में तनाव बना हुआ है। प्रधानमंत्री कार्नी मुंबई पहुंचेंगे। यहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है क्योंकि पिछले कुछ समय से दोनों देशों के रिश्तों में खटास चल रही है।भारत दौरे से पहले मार्क कार्नी ने कहा, “एक अनिश्चित दुनिया में कनाडा उन चीजों पर ध्यान दे रहा है जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं। हम अपने व्यापार को अलग-अलग देशों में फैला रहे हैं और बड़े पैमाने पर नया निवेश आकर्षित कर रहे हैं।” उनका लक्ष्य अगले दशक में अमेरिका के अलावा दूसरे देशों के साथ कनाडा के निर्यात को दोगुना करना है।