• July 17, 2026

असम में मंगेतर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकली युवती से दरिंदों ने किया गैंगरेप

 असम में मंगेतर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकली युवती से दरिंदों ने किया गैंगरेप
नई दिल्ली। असम के सिलचर बाईपास पर मंगेतर के साथ कार में जा रही 28 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सात बदमाशों ने चाकू की नोक पर पीड़िता के साथ दरिंदगी की और डरा-धमकाकर रुपयों की उगाही भी की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
असम के सिलचर से मानवता को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। यहां के रामनगर बाईपास रोड पर एक 28 वर्षीय युवती के साथ उसके मंगेतर के सामने ही सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। बाद में उससे 10 हजार रुपये भी वसूले। इस दरिंदगी ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
घटना 19 फरवरी की रात की है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने होने वाले पति (मंगेतर) के साथ कार में लॉन्ग ड्राइव पर निकली थी। जब वो सिलचर के रामनगर बाईपास के पास पहुंचे, तभी बदमाशों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि लगभग सात लोगों ने उनकी कार को रोका और उसे जबरन बाहर खींच लिया। बदमाशों ने चाकू की नोक पर उसके मंगेतर को बंधक बना लिया और युवती के साथ गैंगरेप किया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने उनसे पैसे की भी उगाही की। बदमाशों ने डरा-धमकाकर पीड़िता से 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। उनसे पास जो पैसे थे, वो भी रख लिए। यानि कुल मिलाकर आरोपियों ने उनसे 20 हजार रुपये लूटे।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। इस घटना के बाद सिलचर सहित पूरे असम में गुस्से की लहर है। सोशल मीडिया पर हजारों लोग आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं।