फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार सुबह लखनऊ से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत किलोमीटर संख्या 55-56 के बीच हुआ। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गयी। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस व यूपीडा की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 11-12 यात्रियों को चोटें आईं है। पुलिस और राहत टीम की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिकोहाबाद भेजा। बस को सड़क किनारे हटाकर यातायात सुचारू किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।