पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी के अनुभवी चेहरों की सीटें बदलने की तैयारी में ममता बनर्जी

 पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी के अनुभवी चेहरों की सीटें बदलने की तैयारी में ममता बनर्जी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ममता बनर्जी के आवास पर हुई बैठकों में कई मंत्रियों और विधायकों की सीटें बदलने पर चर्चा हुई। पार्टी इस बार नए और पुराने चेहरों में संतुलन बनाने पर जोर दे रही है।

पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने उम्मीदवारों को चुनने की शुरुआती प्रक्रिया शुरू कर दी है। खबर है कि पार्टी नेतृत्व इस बार कई बड़ें फैसले ले सकती है। इसके तहत राज्य मंत्रिमंडल के कुछ बड़े सदस्यों और पार्टी के अनुभवी विधायकों के चुनाव क्षेत्रों में बदलाव किया जा सकता है।

ममता बनर्जी के आवास पर हुई अहम बैठकें

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता के कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर बुधवार और गुरुवार को दो दौर की अहम बैठकें हुईं। इन बैठकों में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। जिनमें इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन पर प्रारंभिक चर्चा हुई।

विधायकों के टिकट कटने और सीट बदलने पर मंथन

बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि मौजूदा मंत्रियों और अनुभवी विधायकों को इस बार नई सीटों से चुनाव लड़ाया जाए। इसके साथ ही, कुछ मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट न देने पर भी बात हुई। ऐसे विधायकों को चुनाव लड़ाने के बजाय संगठन के काम में लगाया जाएगा ताकि पार्टी को मजबूती मिल सके।