ताज होटल में 7वां वर्ल्ड मेंटल हेल्थ कांग्रेस एंड अवॉर्ड्स समारोह में गाजियाबाद के युवक को मिला सम्मान
गाजियाबाद। 7वें वर्ल्ड मेंटल हेल्थ कांग्रेस एंड अवॉर्ड्स में मुरादनगर के गांव रावली कलां निवासी सोनू त्यागी को “टॉप मोस्ट लीडर इन मेंटल हेल्थ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह समारोह मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में आयोजित हुआ था। सोनू त्यागी को यह अवार्ड मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। यह अवार्ड फन एंड जॉय एट वर्क और वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ हेल्थकेयर लीडर्स द्वारा प्रदान किया गया।
संगठन का “गो माइंडफुल” अभियान वर्ष 2026 में पूरे भारत में और बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा। इसके तहत तनाव प्रबंधन, भावनात्मक मजबूती और संकट सहायता पर निःशुल्क सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्कूलों, कार्यस्थलों और समुदायों तक वास्तविक सहायता पहुँच सके। इसके साथ ही “गो ह्यूमन” जैसे सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सहानुभूति, क्षमा, संवाद और अहिंसक तरीके से मतभेद सुलझाने की प्रेरणा दी जाती है। ये कार्यक्रम व्यक्तियों और समाज के बीच विश्वास और समझ के नए सेतु बनाते हैं।
अवार्ड मिलने के बाद सोनू त्यागी ने कहा, “यह अवार्ड उन सभी लोगों का है जो चुपचाप दूसरों के जीवन में उपचार और आशा लाने का प्रयास कर रहे हैं। आज के तनावपूर्ण समय में आध्यात्मिकता जीवन को स्थिरता और अर्थ देती है। यदि हम प्राचीन ज्ञान को करुणा और सेवा से जोड़ें, तो हम पीड़ा को कम कर सकते हैं और एक संवेदनशील समाज का निर्माण कर सकते हैं।”
