बजट 2026 पर दिल्ली भाजपा सक्रिय, विभिन्न वर्गों के बीच चलाया जनसंवाद अभियान

 बजट 2026 पर दिल्ली भाजपा सक्रिय, विभिन्न वर्गों के बीच चलाया जनसंवाद अभियान

नई दिल्ली, 13 फरवरी। बजट 2026 को लेकर दिल्ली भाजपा ने राजधानी के विभिन्न जिलों और सामाजिक वर्गों के बीच व्यापक जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का बजट 2026, वर्ष 2047 तक विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला बजट है।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आने वाले दो दशकों में, यानी 2047 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल संसद के बजट सत्र को बाधित कर बजट पर सार्थक चर्चा से बच रहे हैं। उन्होंने इसे विपक्ष की नकारात्मक राजनीति बताया और कहा कि देश की प्रशासनिक राजधानी दिल्ली हो या आर्थिक राजधानी मुंबई, दोनों स्थानों पर भाजपा की सरकार और महापौर हैं।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बजट 2026 की विशेषताओं और लाभों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं

दिल्ली भाजपा के महामंत्री एवं बजट 2026 परिचर्चा समिति के प्रमुख विष्णु मित्तल ने बताया कि 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने के तुरंत बाद प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्लीवासियों के समक्ष बजट की समीक्षा रखी। वहीं 2 फरवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली को केंद्रीय बजट से मिले लाभों की जानकारी दी।
चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने व्यापार जगत की ओर से बजट का स्वागत किया। 2 से 7 फरवरी के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया एवं बाँसुरी स्वराज ने विभिन्न प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बजट की प्रमुख बातों को जनता के सामने रखा।
दिल्ली सरकार के मंत्रियों प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह एवं रविन्द्र इंद्राज सिंह ने अपने-अपने विभागों को बजट 2026 से होने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की।
सीए प्रकोष्ठ संयोजक दीनदयाल, वरिष्ठ नेता के.एम. गुप्ता, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और सोशल मीडिया प्रमुख रोहित उपाध्याय ने परिचर्चाओं और डिजिटल माध्यमों के जरिए बजट को समाज में व्यापक रूप से प्रसारित किया।
भाजपा के विभिन्न जिलों एवं मोर्चा संगठनों ने व्यापारी, महिला, किसान, श्रमिक, सीए, उद्योग, युवा एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सम्मेलनों के माध्यम से बजट पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए।
दक्षिण दिल्ली, उत्तर-पूर्व, मयूर विहार, नजफगढ़ और महरौली में आयोजित महिला सम्मेलनों को डॉ. अल्का गुर्जर, ऋचा पांडेय और डॉ. नीतू डबास ने संबोधित किया। नई दिल्ली और करोलबाग में आयोजित श्रमिक सम्मेलनों को सांसद बाँसुरी स्वराज और राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का गुर्जर ने संबोधित किया।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओ.पी. धनखड़ ने पश्चिम और बाहरी दिल्ली में किसान सम्मेलनों को संबोधित किया। शाहदरा में आयोजित व्यापारी सम्मेलन को केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने संबोधित किया, जबकि केशवपुरम, चांदनी चौक और नवीन शाहदरा में आयोजित व्यापारी सम्मेलनों को विष्णु मित्तल ने संबोधित किया।
दिल्ली भाजपा का कहना है कि बजट 2026 को लेकर यह जनसंवाद अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा सके।