आईसीएआई के डब्ल्यूओएफए 2026 में एनबीसीसी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) सीए विजय कुमार चौधरी सम्मानित
नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के लिए यह गर्व का विषय है कि कंपनी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) सीए विजय कुमार चौधरी को वर्ल्ड ऑफ फाइनेंस एंड अकाउंटिंग (डब्ल्यूओएफए) 2026 के दौरान आयोजित 19वें आईसीएआई अवार्ड्स में प्रतिष्ठित “सीए सीएक्सओ – फॉर लार्ज कॉर्पोरेट – सर्विसेज” सम्मान से नवाजा गया है।
यह पुरस्कार संसद के अधिनियम द्वारा स्थापित सांविधिक निकाय इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा प्रदान किया गया। यह सम्मान उन प्रतिष्ठित पेशेवरों को दिया जाता है जिन्होंने वित्तीय अभिशासन, कॉर्पोरेट प्रबंधन, सत्यनिष्ठा और नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो।
सीए विजय कुमार चौधरी को यह सम्मान उनकी अनुकरणीय व्यावसायिक उपलब्धियों और प्रभावी वित्तीय नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया है। उनके नेतृत्व में एनबीसीसी के वित्तीय प्रबंधन ढांचे और कॉर्पोरेट गवर्नेंस मानकों को नई मजबूती मिली है, जिससे कंपनी की पारदर्शिता और जवाबदेही और अधिक सुदृढ़ हुई है।
उल्लेखनीय है कि आईसीएआई ने उनके उत्कृष्ट योगदान को दूसरी बार मान्यता दी है। इससे पूर्व वर्ष 2019 में उन्हें 12वें आईसीएआई लीडर्स एंड बिजनेस एक्सीलेंस अवार्ड्स के दौरान “सीए अचीवर -इंफ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन सेक्टर” सम्मान से अलंकृत किया गया था।
यह उपलब्धि एनबीसीसी की मजबूत वित्तीय कार्यप्रणाली, पारदर्शी अभिशासन और सतत संस्थागत उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। वरिष्ठ प्रबंधन के नेतृत्व में एनबीसीसी निरंतर उच्चतम वित्तीय मानकों को बनाए रखते हुए हितधारकों के लिए मूल्य सृजन की दिशा में अग्रसर है।
