कांगो में आईएस से जुड़े विद्रोहियों ने की 20 लोगों की हत्या

 कांगो में आईएस से जुड़े विद्रोहियों ने की 20 लोगों की हत्या
कांगो। पूर्वी कांगो में इस्लामिक स्टेट से जुड़े विद्रोही गुट ने एक गांव पर हमला कर 20 लोगों की हत्या कर दी है। हमला सप्ताहांत में नॉर्थ किवु प्रांत के लुबेरो इलाके के मम्बिम्बी-इसिगो गांव में हुआ। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और बड़ी संख्या में लोग घर छोड़कर भागे हैं। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि हमला एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज यानी ADF गुट ने किया। हमलावरों ने पहले खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाया और फिर गांव में घुसकर चाकू और बंदूक से हमला किया। स्थानीय सामाजिक संगठनों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं।
एडीएफ ने हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। नागरिक समूहों ने इलाके में सेना की कम मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। पूर्वी कांगो में ADF और रवांडा समर्थित M23 जैसे कई सशस्त्र गुट सक्रिय हैं। ADF ने 2019 में इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा जताई थी और वह अक्सर आम नागरिकों को निशाना बनाता है। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के प्रमुख जीन-पियरे लैक्रोआ ने भी पूर्वी कांगो का दौरा शुरू किया है। इस साल की शुरुआत से ही इस क्षेत्र में ADF हमलों में दर्जनों नागरिक मारे जा चुके हैं।