नई दिल्ली। क्यूबा में विमान ईंधन की कमी के चलते कनाडा की सबसे बड़ी एयरलाइन एयर कनाडा ने अपनी उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी हैं। कंपनी ने कहा कि क्यूबा के हवाई अड्डों पर ईंधन उपलब्ध न होने की सरकारी सूचना के बाद यह फैसला लिया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब क्यूबा पहले से गहरे ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। एयर कनाडा के मुताबिक क्यूबा सरकार ने सूचित किया कि मंगलवार से हवाई अड्डों पर एविएशन फ्यूल उपलब्ध नहीं होगा। इसके बाद एयरलाइन ने तुरंत अपनी सेवाएं रोकने की घोषणा कर दी। कंपनी ने कहा कि निलंबन सोमवार से लागू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में एयर कनाडा खाली विमान क्यूबा भेजेगी ताकि वहां फंसे करीब 3,000 यात्रियों को वापस कनाडा लाया जा सके।