पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को कुल्हाड़ी से काटा 

 पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को कुल्हाड़ी से काटा 
इटावा। इटावा में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को कुल्हाड़ी से काट डाला। सिर, गले और चेहरे पर कई वार किए गए। मृतक रणवीर का लहूलुहान शव बरामदे में पड़ा था। पत्नी मासूम बेटी के साथ घर से गायब थी।
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक और पति पत्नी की बेवफाई की भेंट चढ गया। इटावा की भरथना कोतवाली इलाके के गांव पड़ियापुर में ट्रक चालक का शव सोमवार सुबह उसके घर के बाहर लहूलुहान हालत में मिला। चालक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की गई थी। सिर, गले और चेहरे पर कुल्हाड़ी के कई वार किए गए थे।
पिता ने शव पड़ा देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घर से ट्रक चालक की पत्नी और उसकी बच्ची भी गायब थे। पिता ने बहू और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पड़ियापुर में ट्रक चालक रणवीर (40) की उसके घर के बाहर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह करीब सात बजे पिता लाखन सिंह जब अपने बेटे के घर पहुंचे तो उन्होंने रणवीर का लहूलुहान शव बरामदे में पड़ा देखा।
सिर, गले और चेहरे पर चोट के निशान
सिर, गले और चेहरे पर कुल्हाड़ी से किए गए गंभीर चोटों के निशान थे। उन्होंने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देहात श्रीशचंद्र, प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
अवैध संबंध का मामला
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने घर के बरामदे से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की। शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार हत्या के पीछे अवैध संबंध का मामला सामने आ रहा है। मृतक के पिता लाखन सिंह ने अपनी बहू पूजा (38), उसके प्रेमी अर्पित और प्रेमी के पिता सर्वेश पर हत्या का आरोप लगाया है।