अर्थव्यवस्था होगी मजबूत तभी भारत को गंभीरता से लेगा विश्व : राजीव कुमार 

 अर्थव्यवस्था होगी मजबूत तभी भारत को गंभीरता से लेगा विश्व : राजीव कुमार 

नई दिल्ली। नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था ही सशक्त विदेश नीति और वैश्विक सम्मान की आधारशिला है। भारत को तेज विकास करते हुए वैश्विक व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी होगी, तभी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी आवाज प्रभावी होगी।

अर्थशास्त्री और नीति आयोगके पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा है कि किसी भी देश की विदेश नीति की असली ताकत उसकी अर्थव्यवस्था होती है। भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान और प्रभाव हासिल करने के लिए तेज आर्थिक विकास और वैश्विक व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी होगी।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव कुमार ने कहा कि कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों को अंतरराष्ट्रीय राजनीति में गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि अर्थशास्त्र ही भू-राजनीति की नींव है। हमारे विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ठीक ही कहा है कि भारत की सबसे अच्छी विदेश नीति उसकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। अगर अर्थव्यवस्था नहीं बढ़ेगी, तो किसी मुद्दे पर बात करने का प्रभाव भी नहीं होगा।”