उधमपुर मुठभेड़ में सेना ने जैश के टॉप कमांडर मावी सहित दो पाकिस्तानी आतंकी किए ढेर

 उधमपुर मुठभेड़ में सेना ने जैश के टॉप कमांडर मावी सहित दो पाकिस्तानी आतंकी किए ढेर
उधमपुर। उधमपुर में सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया सहित दो पाकिस्तानी आतंकी ढेर कर दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो पाकिस्तानी आतंकी मारे गए। इनमे से एक आतंकी, रुबानी उर्फ अबू माविया जैश-ए-मोहम्मद का शीर्ष कमांडर था और क्षेत्र में कई वर्षों से सक्रिय था।
बसंतगढ़ क्षेत्र के किया गांव के जंगलों में मंगलवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। सूचना के अनुसार, सेना और सुरक्षाबलों को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इसके बाद सीआरपीएफ, व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने मिलकर ऑपरेशन किया नामक अभियान शुरू किया।
सुरक्षाबलों ने इलाके को पूरी तरह घेर लिया और आतंकियों से संपर्क साधा। करीब 20 मिनट तक चली फायरिंग में दो आतंकियों को सफलतापूर्वक बेअसर कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने भागने का प्रयास किया।
सूत्रों के अनुसार, रामनगर, बसंतगढ़ और बिलावर के जंगलों में अभी भी आतंकियों की मौजूदगी की आशंका है, और इलाके पर निगरानी जारी है। ऑपरेशन में सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, उच्च स्तर का पेशेवर समन्वय और क्षेत्रीय नियंत्रण की सराहना की जा रही है। ऑपरेशन के सफल समापन के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की सतत निगरानी जारी है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।