रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बदले कई जिलों के जिलाध्यक्ष, तरसपाल मलिक बने क्षेत्रीय अध्यक्ष

 रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बदले कई जिलों के जिलाध्यक्ष, तरसपाल मलिक बने क्षेत्रीय अध्यक्ष
नई दिल्ली। आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने संगठन में आमूलचूल परिवर्तन किया है। पार्टी ने मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर और अलीगढ़ समेत कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इस फेरबदल में मुजफ्फरनगर की कमान अब पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय राठी को सौंपी गई है, जबकि तरसपाल मलिक को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
मुजफ्फरनगर में संजय राठी बने जिलाध्यक्ष
मुजफ्फरनगर में पार्टी ने संदीप मलिक के स्थान पर संजय राठी पर भरोसा जताया है। संजय राठी के लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगे। वहीं, योगेंद्र सिंह के स्थान पर तरसपाल मलिक को क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जयंत चौधरी के निर्देश पर जारी सूची के अनुसार, मेरठ में अनिकेत भारद्वाज एडवोकेट, बिजनौर में ओमपाल कश्यप, अलीगढ़ में कालीचरण एडवोकेट और बदायूं में मुकेश चौधरी को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बुलंदशहर के राजीव चौधरी को संगठन महासचिव की अहम जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी ने पूर्वांचल और मध्य यूपी पर भी फोकस करते हुए राम आसरे विश्वकर्मा को काशी का क्षेत्रीय अध्यक्ष और नरेंद्र यादव को कानपुर का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया है। रालोद सूत्रों के अनुसार, इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य संगठन में नई ऊर्जा फूँकना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। नई नियुक्तियों के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।