सराफा बाजार में सुनामी चांदी और सोना हुआ सस्ता, जाने भाव  

 सराफा बाजार में सुनामी चांदी और सोना हुआ सस्ता, जाने भाव  
नई दिल्ली। आज सोमवार को सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में बड़ा बदलाव आया है। चांदी का भाव एक ही दिन में 31,878 रुपये टूटकर 2,33,774 रुपये प्रति किलो पर आ गए हैं। वहीं, सोना 6,045 रुपये प्रति दस ग्राम सस्ता होकर 1,38,800 रुपये पर है। सोमवार, 2 फरवरी का दिन सर्राफा बाजार के लिए किसी सुनामी से कम नहीं रहा. हफ्ते के पहले ही कारोबारी दिन सोने और चांदी की कीमतों में भारी उथल-पुथल देखने को मिली है। जो निवेशक और आम खरीदार पिछले कुछ समय से आसमान छूती कीमतों को देखकर मायूस थे, उनके लिए आज के आंकड़े हैरान करने वाले हैं। बाजार खुलते ही चांदी की चमक फीकी पड़ गई और सोने ने भी अपने रिकॉर्ड स्तर से बड़ा गोता लगाया। एमसीएक्स (MCX) पर लाल निशान में कारोबार कर रहे सर्राफा बाजार ने आज निवेशकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
चांदी की कीमतों में आई गिरावट सामान्य नहीं है, बल्कि इसे एक बड़ी ‘क्रैश’ के रूप में देखा जा रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को चांदी में 31,878 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट लगभग 12 प्रतिशत की है, जो हाल के दिनों में सबसे बड़ी टूट मानी जा रही है।
इस भारी गिरावट के बाद 1 किलो चांदी का भाव लुढ़ककर 2,33,774 रुपये पर आ गया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से चांदी में सुस्ती देखी जा रही थी, लेकिन सोमवार को आई इस गिरावट ने बाजार का पूरा समीकरण ही बदल दिया है। जो चांदी कुछ समय पहले तक नई ऊंचाइयां छू रही थी, वह अब अपने ऑल टाइम हाई से 186,000 रुपये सस्ती हो गई है।
सोना सस्ता
गिरावट का यह सिलसिला सिर्फ चांदी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोने में भी बड़ी कमजोरी देखने को मिली. एमसीएक्स पर सोने का भाव 6,045 रुपये नीचे गिर गया। करीब 4.47 प्रतिशत की इस गिरावट के बाद सोना अब 1,38,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।