बजट में जेनरेशन Z के लिए भी एक रोडमैप, कंटेंट क्रिएटर लैब्स,एनिमेशन से लेकर स्पोर्ट्स तक को लाभ  

 बजट में जेनरेशन Z के लिए भी एक रोडमैप, कंटेंट क्रिएटर लैब्स,एनिमेशन से लेकर स्पोर्ट्स तक को लाभ  
नई दिल्ली। बजट 2026 पेश करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि बजट को ‘युवा शक्ति’ की सोच और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की इनपुट्स के आधार पर बनाया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज अपना नौवां बजट पेश किया। युवा भारत के सपनों को उड़ान देने वाला यह बजट सिर्फ आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं बल्कि जेनरेशन Z के लिए भी एक रोडमैप है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इसे ‘युवा शक्ति’ की सोच और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की इनपुट्स के आधार पर बनाया गया है। बजट ने रोजगार, स्किल ट्रेनिंग और स्टॉर्टअप पर जोर देते हुए पारंपरिक सेक्टरों से हटकर डिजिटल कंटेंट, गेमिंग, डिजाइन, टूरिज्म और हेल्थकेयर जैसी सेक्टर को नई दिशा दी है।
वित्त मंत्री ने कहा कि बजट को तीन ‘कर्तव्य’ या जिम्मेदारियों के इर्द-गिर्द बुना गया है, जिसमें लोगों की उम्मीदों को पूरा करना और उनकी काबिलियत बढ़ाना सबसे अहम है। ये सीधे युवा वर्कफोर्स को टारगेट करता है। सरकार का मानना है कि आईडिया बेस्ड इंडस्ट्रीज भविष्य में नौकरियों का बड़ा इंजन बनेंगी।
बजट में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) में 1.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश, 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स, नए डिजाइन संस्थान, खेलो इंडिया मिशन और हेल्थकेयर स्किलिंग जैसे कदम युवा प्रतिभाओं को क्रिएटर्स, इनोवेटर्स और सर्विस सेक्टर के भविष्य के लीडर्स बनाने का संदेश देते हैं। यह बजट जेन Z को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि देश की नई सोच और सृजन शक्ति का हिस्सा बनने वाला बनाता है।
क्रिएटिव इंडस्ट्री बड़ा बूस्ट
सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक है एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर को सपोर्ट। इसके लिए 1.4 लाख करोड़ रुपये रखे गए हैं, ताकि भारत का डिजिटल क्रिएटर इकोसिस्टम मजबूत हो। सरकार 15 हजार सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब्स लगाएगी। मुंबई के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज से इनको मदद मिलेगी। ये कदम एनिमेटर्स, डिजाइनर्स, गेमर्स और स्टोरीटेलर्स के लिए स्ट्रक्चर्ड करियर रास्ते बनाने का है, क्योंकि इन फील्ड्स में स्किल्ड प्रोफेशनल्स की डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
कल्चर, मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्रीज को भी मजबूती मिली है, जिन्हें ‘ऑरेंज इकोनॉमी’ कहा जाता है। पूर्वी भारत में एक नया नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन बनाने का प्लान है, ताकि ट्रेंड डिजाइनर्स की कमी दूर हो और क्रिएटिव एजुकेशन फैले।
टूरिज्म और स्पोर्ट्स से नई नौकरियां
टूरिज्म को रोजगार बढ़ाने वाला बड़ा सेक्टर माना गया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी बनेगा, कल्चरल और हेरिटेज साइट्स को मैप करने के लिए डिजिटल नॉलेज ग्रिड आएगा। साथ ही, 10,000 टूरिस्ट गाइड्स को ट्रेनिंग देने के पायलट प्रोग्राम शुरू होंगे। कई राज्यों में इको-फ्रेंडली ट्रेकिंग, कछुए और पक्षी देखने के ट्रेल्स बनेंगे, जो रिसर्चर्स, हिस्टोरियंस, कंटेंट क्रिएटर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए लोकल जॉब्स पैदा करेंगे।