दक्षिणी अफ्रीका में भीषण बाढ़, 150 से अधिक कील मौत
नई दिल्ली। दक्षिणी अफ्रीका में मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ से करीब 150 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। बाढ़ के कारण करीब 4 लाख लोग बेघर हो गए हैं। दक्षिणी अफ्रीका के कई हिस्सों में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ को मानव-जनित जलवायु परिवर्तन ने खतरनाक बना दिया है। इस आपदा में 150 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 4 लाख लोगों को अपना घर छोड़ दूसरी जगह शिफ्ट होना पड़ा है।
बताया गया है कि दक्षिण अफ्रीका, मोज़ाम्बिक और ज़िम्बाब्वे में हुई भारी बारिश का विश्लेषण किया गया है। अध्ययन के अनुसार, इन इलाकों में महज 10 दिनों के भीतर पूरे एक साल के बराबर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके कारण घरों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसकी लागत लाखों डॉलर आंकी जा रही है। मोज़ाम्बिक में कई घर और इमारतें पूरी तरह पानी में डूब गईं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के लिम्पोपो और म्पुमालांगा प्रांतों तथा ज़िम्बाब्वे के कुछ हिस्सों में सड़कें और पुल बह गए।
ला नीना से हालत गंभीर
रिपोर्ट में बताया कि यह बारिश सामान्य नहीं थी। इतनी तेज बारिश आमतौर पर 50 साल में एक बार होती है, लेकिन अब ऐसे घटनाक्रम ज्यादा हिंसक हो रहे हैं। इस स्थिति को मौजूदा ला नीना मौसम प्रणाली ने और गंभीर बना दिया, जो आमतौर पर इस क्षेत्र में ज्यादा बारिश लाती है, लेकिन इस बार यह ज्यादा गर्म वातावरण में सक्रिय थी।
