धीमी रहेगी आर्थिक वृद्धि की गति, GDP ग्रोथ 6.8 से 7.2 प्रतिशत का अनुमान

 धीमी रहेगी आर्थिक वृद्धि की गति, GDP ग्रोथ 6.8 से 7.2 प्रतिशत का अनुमान

नई दिल्ली। सरकार ने वर्ष 2027 के लिए जीडीपी ग्रोथ का अनुमान घटाकर 6.8-7.2 प्रतिशत कर दिया है। बेरोजगारी दर में गिरावट की आशंका के बीच सर्वे में आरएंडडी और मिडिल क्लास की चिंताओं पर फोकस किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट से पहले संसद के पटल पर ‘आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26’ रखा। सरकार ने अपनी इस रिपोर्ट कार्ड में बताया है कि आने वाले वित्त वर्ष (2026-27) में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है।

विकास दर में गिरावट का संकेत

सर्वे के मुताबिक, अगले वित्त वर्ष यानी वित्तीय वर्ष 2027 में भारत की जीडीपी विकास दर 6.8% से 7.2% के बीच रहने का अनुमान है। यह मौजूदा वित्त वर्ष के अनुमान से कम है. सरकार का मानना है कि इस साल अर्थव्यवस्था 7.4% की दर से बढ़ेगी, जो कि उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन है।

रोजगार पर राहत?

सर्वे में रोजगार को लेकर सकारात्मक आंकड़े पेश किए गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए बेरोजगारी दर में लगातार गिरावट आई है। यह 2017-18 के 6% से घटकर 2023-24 में 3.2% पर आ गई है. साथ ही, शहरी बेरोजगारी दर में भी मामूली सुधार देखा गया है।

पैसा कहां खर्च हो रहा

सरकार का पूरा जोर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा पर है. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल सरकार ने अपने पूंजीगत व्यय का 75% हिस्सा सिर्फ तीन क्षेत्रों में खर्च किया। ये हैं- रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन।