पहाड़ों में हिमस्खलन से मैदानी इलाकों में गलन बढ़ी, नलों का पानी बना बर्फ

 पहाड़ों में हिमस्खलन से मैदानी इलाकों में गलन बढ़ी, नलों का पानी बना बर्फ
नई दिल्ली। उत्तरी भारत में मौसम खराब बना हुआ है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हिमस्खलन हुआ है जिसकी जद में आने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई मवेशियों की जान चली गई। पहाड़ों पर हिमपात भी लगातार जारी है, इससे सैलानियों के चेहरे तो खिले हैं, लेकिन स्थानीय लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। कई सड़के बंद हैं, ट्रांसफार्मरों के खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और नलों से आने वाला पानी भी बर्फ बन गया है। मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ गई है। इस महीने के आखिर में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिससे पहली फरवरी को उत्तर-पश्चिमी भारत में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पहाड़ों की बर्फबारी का असर दिल्ली में सर्द हवाओं के रूप में दिख रहा है।
पश्चिमी हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश में दो दिनों से जारी भारी बर्फबारी के बाद मंगलवार देर रात चंबा जिले के भरमौर और पांगी उपमंडल की पूलन पंचायत के ओट नाला में अचानक हिमखंड टूट गया। इसके बाद बही बर्फ की नदी की चपेट में राशन से भरे दो वाहन और तीन दुकानें आ गईं। राशन के दोनों वाहन बहकर सीधे नाले में जा गिरे और बर्फ में दब गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को भी हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी हुई है।
रात और आज सुबह तड़के शिमला, मनाली में फिर बर्फबारी हुई। मनाली में खराब मौसम के चलते आज बृहस्पतिवार को भी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। बुधवार शाम तक प्रदेश में चार नेशनल हाईवे मनाली-लेह, आनी-कुल्लू, भरमौर-पठानकोट, रामपुर-किन्नौर समेत 885 सड़कें ठप रहीं। 3,237 बिजली ट्रांसफार्मर और 121 पेयजल योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। मनाली में पर्यटक अभी भी फंसे हैं। मंडी की सराज घाटी एक बार फिर बर्फ की मोटी चादर से ढक गई है। उत्तरी कश्मीर के सोनमर्ग में मंगलवार की रात को भारी हिमस्खलन हुआ।
पहाड़ी से भारी बर्फ खिसककर नीचे मकानों तक पहुंच गई। हालांकि, इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। इस घटना के बाद गांदरबल जिला प्रशासन और पुलिस लोगों को सचेत रहने की हिदायत दी है। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में भूस्खलन में भेड़ और बकरियों सहित दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई। श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में बुधवार सुबह हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। इसके चलते श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुबह की आठ उड़ानें रद्द कर दी गईं।