तमिलनाडु में नदी महोत्सव के दौरान हीलियम सिलेंडर फटा; महिला की मौत, 18 घायल

 तमिलनाडु में नदी महोत्सव के दौरान हीलियम सिलेंडर फटा; महिला की मौत, 18 घायल
नई दिल्ली। तमिलनाडु के जिला कल्लाकुरिची में पोंगल के दौरान थेनपेन्नई नदी महोत्सव में हीलियम से भरा गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हुआ। जिसमें महिला की मौत हो गई जबकि बच्चों समेत 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में काणम पोंगल के मौके पर आयोजित थेनपेन्नई नदी महोत्सव उस समय मातम में बदल गया, जब गुब्बारों में गैस भरने वाला एक हीलियम सिलेंडर अचानक फट गया। इस दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले एक पुलिस अधिकारी ने मौत की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा था कि विस्फोट स्थल पर तीन लोग बेहोश पाए गए और उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जांच की जा रही है।
घटना मल्लुरपेट्टई इलाके में करीब 7 बजे हुई, जब उत्सव लगभग समाप्त हो चुका था और लोग अपने-अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए बड़े गुब्बारों में हीलियम गैस भरी जा रही थी। अचानक हुए तेज विस्फोट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।