नए भाजपा अध्यक्ष की ताजपोशी, पीएम मोदी बोले…मैं एक कार्यकर्ता और नवीन मेरे बाॅस

 नए भाजपा अध्यक्ष की ताजपोशी, पीएम मोदी बोले…मैं एक कार्यकर्ता और नवीन मेरे बाॅस
Nimmi Thakur
नई दिल्ली। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया। 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी होने के बाद भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के नाम पर आधिकारिक रूप से सहमति बन गई।
पीएम मोदी ने कहा कि कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी। आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है। देश ने आजादी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर, लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है। उन्होंने कहा, ‘ये भाजपा ही है जिसने सामाजिक न्याय के नारे को सच्चे स्वरूप में जमीन पर उतारा है। हमने गरीब कल्याण की योजनाओं को सरकारी फाइलों से निकालकर गरीब के घर तक पहुंचाया है। आजादी के 70 वर्ष बाद सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण परिवारों तक ही पाइप से पानी पहुंच पाया था। माताओं बहनों की पीड़ा, पानी के लिए उनके संघर्ष की सुध लेने वाला कोई नहीं था। वो दर्द मैंने देखा है। मैं धरती की सच्चाई से जुड़ा था। माताओं-बहनों की पीड़ा, अपनी आंखों के सामने देखी थी और तब हम ‘जल जीवन मिशन’ लेकर आए हैं। सिर्फ 5-6 साल में 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल से जल की सुविधा से जोड़ा गया है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तर भारत की उपेक्षा की। भाजपा ने उत्तर भारत को दिल से जोड़ा और दिल्ली से भी। उन्होंने कहा कि जिसे किसी ने पूछा नहीं, उसे मोदी ने पूजा है।
पीएम ने कहा कि अटल,आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इस सदी में एम. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ-साथ हमारे कई वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। इसके बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई है।