झारसुगुड़ा। मंगलवार सुबह ओडिशा के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर एक ओवरहेड उपकरण के खराब होने के कारण आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारण इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं। गनीमत रहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
एक अधिकारी ने बताया कि ओवरहेड उपकरण (ओएचई) तारों, इंसुलेटरों और सहायक संरचनाओं की एक प्रणाली है, जो ट्रेनों को उच्च-वोल्टेज बिजली संचारित करती है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11.10 बजे लगी आग फैल गई। अधिकारी ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने आगे बताया कि घटना के समय झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।