साइबर अपराधियों ने की पूर्व आईपीएस की पत्नी से 2.58 करोड़ की ठगी

 साइबर अपराधियों ने की पूर्व आईपीएस की पत्नी से 2.58 करोड़ की ठगी
हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद में साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश से मुनाफे का झांसा देकर एक पूर्व आईपीएस अधिकारी की पत्नी से 2.58 करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह मामला पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था। पीड़िता को एक इंस्टेंट मैसेजिंग एप पर एक ग्रुप में शामिल होने का निमंत्रण मिला। इस ग्रुप में शेयर बाजार से जुड़े निवेश और भारी मुनाफे के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे।
ग्रुप में दिनेश सिंह नामक व्यक्ति ने खुद को विशेषज्ञ बताकर क्लास और विश्लेषण भेजे, इससे सदस्यों का भरोसा बढ़ा। उसने सेबी पंजीकरण प्रमाणपत्र की प्रतियां भी साझा कीं। निर्देशों के अनुसार पीड़िता ने ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया और लगातार रकम जमा की, यहां तक कि सोने के आभूषणों पर लोन भी लिया। हालांकि, बार-बार अलग-अलग बैंकों के खातों में पैसे जमा कराने को लेकर शक हुआ। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।