नई दिल्ली। तेलंगाना सीआईडी ने निवेश के नाम पर हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाली कंपनी फाल्कन इनवॉइस डिस्काउंटिंग के प्रबंध निदेशक (एमडी) अमरदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय दबोचा गया। जब वह ईरान से लौट रहा था। सीआईडी के अनुसार आरोपी ने कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लि. के तहत फर्जी वेबसाइट और एप बनाकर प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर निवेश का लालच दिया था। जांच में सामने आया कि 7,056 जमाकर्ताओं से 4,215 करोड़ रुपये जुटाए गए, जिनमें से 4,065 निवेशकों के साथ 792 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। यह कंपनी 2021 से पोंजी स्कीम की तरह काम कर रही थी। ठगी की राशि को शेल कंपनियों, क्रिप्टोकरेंसी और रियल एस्टेट में डायवर्ट किया गया। पुलिस अब तक इस मामले में चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि करोड़ों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया जारी है।