ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में दंपती सहित बच्ची की मौत, मासूम गंभीर

 ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में दंपती सहित बच्ची की मौत, मासूम गंभीर
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर जानसठ फ्लाईओवर पर बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। हादसे में जड़ौदा निवासी सोनू, पत्नी राधिका और उनकी बेटी रिया (10) की मौत हो गई। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है।
हादसा मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर नई मंडी क्षेत्र में जानसठ फ्लाईओवर पर हुआ। जिसमें सोनू (35), उसकी पत्नी राधिका (30) और बेटी रिया (10) की मौत हो गई। चार साल का मासूम काला घायल है।
मंसूरपुर क्षेत्र के जड़ौदा गांव निवासी सोनू, पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर देहरादून की ओर से वापस गांव लौट रहा था। रात जब वह जानसठ फ्लाईओवर पर पहुंचा तो उसकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों घायलों को स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान राधिका और रिया की भी मौत हो गई।
मासूम काला को शहर के भोपा रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कौशल विकास राज्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है।