संदेशखाली में हिंसा, TMC नेता के घर छापा डालने गई पुलिस पर हमला, छह घायल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले संदेशखाली में फिर तनाव बढ़ा है। टीएमसी नेता मूसा मोल्ला की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस पर हमला हो गया। जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। मूसा पर अवैध भूमि कब्जे का आरोप है।
एक पुलिस ऑफिसर समेत छह लोग घायल हो गए। रात हुई इस घटना में न्याजत थाने के राजबाड़ी पुलिस आउटपोस्ट इलाके के रहने वाले मूसा मोल्ला और उसके साथियों पर आरोप लगे हैं। मूसा इलाके में तृणमूल कार्यकर्ता के तौर पर जाना जाता है।
पुलिस पर हमले के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। बोयरमारी-2 ग्राम पंचायत के प्रधान और उप प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है,
मूसा पर गैर-कानूनी तरीके से जमीन पर कब्जा करने का आरोप था। उसके बाद कोर्ट ने उस जमीन पर सेक्शन 144 लगा दी थी, लेकिन रात के अंधेरे में मूसा ने कथित तौर पर उस जमीन पर दीवार बनानी शुरू कर दी। उसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
गिरफ्तार करने गई पुलिस पर हमला
उस रात राजबाड़ी आउटपोस्ट की पुलिस बोयरमारी में मूसा के घर गई और उसे थाने चलने को कहा, फिर मूसा ने अपने साथियों को बुला लिया और कथित तौर पर पुलिस पर हमला कर दिया, घायल पुलिसवालों को शुरुआती इलाज के लिए मिनाखान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, हालांकि, बाद में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
