• July 17, 2026

उत्तर प्रदेश में शीतलहर के चलते कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद

 उत्तर प्रदेश में शीतलहर के चलते कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण सर्दी को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कक्षा एक से लेकर 12 तक के सभी स्कूलों को एक जनवरी तक बंद करने के आदेश दिए हैं।

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े कदम उठाए हैं। सीएम ने प्रदेश के सभी बोर्डों के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान स्कूल पूरी तरह से बंद रखे जाएंगे।

अफसर सुनिश्चित करें व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर जमीनी हकीकत का जायजा लें। सीएम ने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए हर जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सीएम ने दिए ये निर्देश

प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिछौने, कंबल और साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक सुविधाएं पुख्ता की जाएं। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जरूरतमंदों को समय पर राहत सामग्री और आश्रय प्राप्त हो।

प्राइमरी से 12 वीं तक के सभी विद्यालय 1 जनवरी तक बंद रहेंगे। घना कोहरा, गलन और ताममान में लगातार गिरावट से बढ़ती ठंड को देखते हुए राजधानी में प्री प्राइमरी से कक्षा 12 वीं तक के सभी विद्यालय 1 जनवरी तक बंद रहेंगे।