कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से बढ़ी मुश्किलें, पारा 5 डिग्री से नीचे

 कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से बढ़ी मुश्किलें, पारा 5 डिग्री से नीचे

नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। देश में कई जगहों पर तापमान 5 डिग्री से नीचे है। दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर और बढ़ते प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रहा। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में शीतलहरी चली। पहाड़ी इलाकों में लद्दाख के द्रास में पारा शून्य से 14.2 डिग्री नीचे चला गया।

पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। भीषण शीतलहर को देखते हुए यूपी में 12वीं तक के सभी स्कूलों को एक जनवरी तक बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी ठंडी हवाओं ने लोगों को सताया। असम के गुवाहाटी में भी शीत लहर का प्रकोप रहा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हुई।

नहीं उतर सका विमान, लौटना पड़ा दिल्ली

दिल्ली से इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-7324 अपने तय समय 1:05 बजे पंतनगर पहुंची, लेकिन कम दृश्यता के चलते उसे उतरने की अनुमति नहीं दी गई। विमान कुछ देर हवा में चक्कर लगाता रहा। बाद में दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में 78 यात्री सवार थे। वहीं, पंतनगर से भी दिल्ली के लिए 76 यात्रियों ने टिकट बुक कराया था। विमान के नहीं उतर पाने से इन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।

दिल्ली में गंभीर श्रेणी में एक्यूआई

मौसम के तीखे तेवर से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 390 दर्ज किया गया। 40 में से 19 निगरानी केंद्रों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रहा। आनंद विहार में एक्यूआई सबसे अधिक 444 रहा। गाजियाबाद में 414, नोएडा में 419 और ग्रेटर नोएडा में 434 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में भी एक्यूआई 353 के साथ बहुत खराब श्रेणी में रहा। हवा में प्रदूषकों में पीएम 2.5 प्रमुख रहा।