दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत सुशासन का परिणाम : डॉ संजय मयूख

 दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत सुशासन का परिणाम : डॉ संजय मयूख

पटना, 8 नवंबर: भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बिहार विधान परिषद में भाजपा के मुख्य सचेतक ने आज शनिवार को दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत को सुशासन की जीत बताया और कहा कि यह परिणाम जनता के बीच भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की प्रतीक बनी है और भाजपा पर समग्र राष्ट्र का भरोसा और दृढ़ हुआ है।

भाजपा ने दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग सभी जगह जीत हासिल की।

भाजपा प्रवक्ता डॉ संजय मयूख ने कहा, “भाजपा हर चुनाव को महत्वपूर्ण मानती है, चाहे वह कितना भी छोटा या बड़ा क्यों न हो। पार्टी के सुशासन के कारण लोग पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा की जीत सुनिश्चित करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम बताते हैं कि जनता का भाजपा पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

दमन की जिला पंचायत में भाजपा ने 16 में से 15 सीटें जीतीं और नगर परिषद की 15 में से 14 सीटों पर कब्जा जमाया। 16 सरपंच पदों में से 15 भाजपा के हिस्से में आए।

दीव में भाजपा ने जिला पंचायत की सभी 8 सीटें जीतीं। दादरा एवं नगर हवेली की पंचायत में पार्टी ने 26 में से 24 सीटें जीतीं। दादरा एवं नगर हवेली की नगर परिषद की सभी 15 सीटें भी भाजपा के खाते में गईं।