कॉलेज छात्रा ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव तो युवक ने रेता गला, आरोपी गिरफ्तार
बंगलूरू। बंगलूरू में पुलिस ने 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि कॉलेज छात्रा के शादी से इनकार करने पर मुख्य आरोपी विग्नेश (28 वर्षीय) ने कथित तौर पर गुस्से और हताशा में उसकी हत्या कर दी। आरोपी विग्नेश, पीड़िता का पड़ोसी है।
जानिए क्या है पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की गला रेतकर हत्या की गई और उसका शव रेलवे ट्रैक के पास से बरामद हुआ। यह घटना 16 अक्टूबर को दोपहर करीब 2.30 बजे हुई, जब फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्रा और स्वतंत्र पाल्या इलाके की निवासी यामिनी प्रिया कॉलेज से घर लौट रही थी। कथित तौर पर विग्नेश उसके पास आया और उससे शादी करने का आग्रह किया। जब छात्रा ने इनकार कर दिया, तो उसने कथित तौर पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर छात्रा की हत्या कर दी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार किया
पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी विग्नेश, जो उनके घर के सामने रहता था और परिवार को जानता था, पीड़िता पर बार-बार शादी के लिए दबाव डाल रहा था। जांच के बाद पुलिस ने विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया।
