महिला सशक्तीकरण पर लोकसभा अध्यक्ष ने दिया जोर, कहा- सभी राज्यों में महिलाओं की विधायी समितियां बनें

 महिला सशक्तीकरण पर लोकसभा अध्यक्ष ने दिया जोर, कहा- सभी राज्यों में महिलाओं की विधायी समितियां बनें
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज सोमवार को महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बजटीय आवंटन में लैंगिक जवाबदेही जैसे मुद्दों के समाधान के लिए सभी राज्यों में महिला सशक्तीकरण पर विधायी समितियां गठित करने की जरूरत है। संसद और राज्य विधानसभाओं की महिला सशक्तिकरण समितियों के दो दिवसीय सम्मेलन के समापन समारोह में ओम बिरला ने कई विधानसभाओं में महिला सशक्तीकरण समितियों के अभाव पर चिंता जताई।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मैं विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारियों को पत्र लिखूंगा कि वे महिला एवं बाल विकास के सशक्तीकरण पर विधायी समितियां गठित करें। कुल 29 राज्यों में से केवल 16 राज्यों में महिला सशक्तीकरण पर विधायी समितियां हैं और शेष राज्यों के लिए ऐसी समितियों का गठन करना आवश्यक है, ताकि वे संबंधित विधानसभाओं और राज्य सरकारों को महिलाओं के मुद्दों पर सुझाव दे सकें।