जीएसटी सुधार से मिडिल क्लास को बड़ी राहत: अश्विनी वैष्णव

 जीएसटी सुधार से मिडिल क्लास को बड़ी राहत: अश्विनी वैष्णव

Political Trust-दिल्ली
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए व्यापक जीएसटी सुधार मिडिल क्लास परिवारों के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होंगे। उन्होंने प्रेस वार्ता में बताया कि इन सुधारों से आम आदमी के जीवन स्तर में सीधा लाभ होगा और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

वैष्णव ने कहा कि लालकिले से प्रधानमंत्री ने देश को नए विश्वास और संकल्प का संदेश दिया था। वही संकल्प अब जीएसटी सुधारों के जरिए साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा, मकान और रसोई के सामान जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर कर का बोझ कम हुआ है। इससे हर मध्यम वर्गीय परिवार को राहत मिलेगी और उनके खर्च का दबाव घटेगा।

उन्होंने बताया कि 2014 से पहले टैक्स का ऐसा जाल था, जिसमें हर वस्तु पर अलग-अलग कर लगते थे। इसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ता था, खासकर मिडिल क्लास पर। मोदी सरकार ने टैक्स स्ट्रक्चर को सरल और पारदर्शी बनाकर उस बोझ को कम किया है।

वैष्णव ने कहा कि जीएसटी सुधार केवल घर-परिवार की राहत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये देश की आर्थिक प्रगति को भी गति देंगे। देश की जीडीपी लगभग ₹330 लाख करोड़ है, जिसमें ₹202 लाख करोड़ खपत है। अगर जीएसटी छूट के बाद खपत 10 प्रतिशत बढ़ती है तो अतिरिक्त ₹20 लाख करोड़ की खपत होगी। इससे उत्पादन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियाँ तेजी से बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि आगामी 22 सितंबर, जो नवरात्रि का पहला दिन है, देश के 140 करोड़ नागरिकों और खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए नई खुशी लेकर आएगा।