केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा

 केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा

पॉलिटिकल ट्रस्ट -अमृतसर/नई दिल्ली, 4 सितंबर 2025 – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पानी से भरे खेतों में उतरकर फसलों के नुकसान का जायजा लिया। किसानों की पीड़ा सुनते हुए शिवराज सिंह ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उनके साथ खड़ी है और हरसंभव मदद दी जाएगी।

अमृतसर पहुंचने पर पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कृषि मंत्री को बाढ़ से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। इसके बाद शिवराज सिंह ने अमृतसर, कपूरथला और गुरदासपुर जिलों के प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि स्थिति बेहद गंभीर और भयानक है, 1,400 से अधिक गांव पूरी तरह प्रभावित हैं और खेतों में पानी व सिल्ट जमा है जिससे अगली फसल पर भी संकट मंडरा रहा है।

शिवराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय दो टीमें पंजाब भेजी हैं जिनमें कृषि, ग्रामीण विकास, सड़क परिवहन, ऊर्जा, वित्त और जलशक्ति मंत्रालय के अधिकारी शामिल हैं। ये टीमें प्रभावित इलाकों का सर्वे कर रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेंगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा संकट की घड़ी में देश की ढाल बनकर कार्य किया है और अब केंद्र सरकार पंजाब के किसानों और जनता को पूरी राहत पहुंचाएगी। शिवराज सिंह ने स्थानीय लोगों की हिम्मत और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार किसानों को इस आपदा से बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।