पश्चिम बंगाल में सड़क हादसे में 10 की मौत, 40 घायल

 पश्चिम बंगाल में सड़क हादसे में 10 की मौत, 40 घायल
बर्धमान। पश्चिम बंगाल के जिला बर्धमान में आज दिन में सड़क हादसा हो गया। जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है और जबकि करीब 40 लोग घायल हैं। सभी घायलों को बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्वी बर्धमान के पुलिस अधीक्षक संयुक्त दास ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई, जब यात्रियों से भरी एक बस हाईवे पर किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे का शिकार हुई बस में सवार यात्री गंगा सागर में स्नान करके लौट रहे थे। बस दुर्गापुर की ओर जा रही थी। यह दुर्घटना पूर्वी बर्धमान में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर नाला फेरी घाट पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना की खबर मिलने पर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्क बनर्जी और जिलाधिकारी आयशा रानी अस्पताल पहुंचे।