पत्नी की अस्थियां विसर्जित करने लंदन से भारत आया अर्जुन, विमान हादसे में खुद बन गए राख

 पत्नी की अस्थियां विसर्जित करने लंदन से भारत आया अर्जुन, विमान हादसे में खुद बन गए राख
अहमदाबाद। अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश हो गई। जिसमें विमान में सवार सभी 241 लोगों की जान चली गई। इन मृतकों में एक अर्जुन भाई भी शामिल हैं। जो कि अपनी पत्नी की अस्थियां विसर्जित करने के लिए लंदन से भारत आए थे। लेकिन लौटते समय हादसे में वो भी खुद राख बन गए। वह प्लेन क्रैश में मारे गए हैं।
ऐसे में पहले मां की मौत और अब पिता की भी मौत होने से दो मासूम बच्चियां अनाथ हो गई हैं। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी की अस्थियां विसर्जित करने के बाद लंदन लौटते समय अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में अर्जुन भाई की जान चली गई है। वो भारतीय मूल के हैं। उनकी 8 और 4 साल की 2 बेटियां अब अकेली रह गई हैं।
पत्नी का सात दिन पहले हुआ था देहांत
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मारे गए अर्जुन भाई के बारे में बताते हुए भाजपा कार्यकर्ता जितेंद्र प्रताप सिंह ने एक ट्वीट लिखा है। इसमें उन्होंने बताया कि अर्जुन भाई की पत्नी का सात दिन पहले लंदन में देहांत हो गया था। उनकी पत्नी की आखिरी इच्छा थी कि उसकी अस्थियां गुजरात के अमरेली जिले में उसके मायके में पैतृक गांव में बने तालाब या नदी में प्रवाहित की जाएं। अर्जुन भाई अपनी पत्नी की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए भारत आए थे। पत्नी की आखिरी इच्छा उन्होंने पूरी भी की। लेकिन वापस लंदन लौटते समय वे हादसे का शिकार हो गए। अर्जुन भाई की मौत होने की खबर मिलते ही लंदन और भारत दोनों जगह उनके परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों का कहना है कि शायद नियति को यही मंजूर था।
लंदन जा रही फ्लाइट हुई दुर्घटनाग्रस्त
बता दें कि बीते दिन गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई थी। फ्लाइट ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी कि विमान एयरपोर्ट के पास गिर गया। हादसे में विमान में सवार 229 पैसेंजर्स और 12 क्रू मेंबर्स मारे गए। मृतकों की सूची में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम भी शामिल है। एयर इंडिया अथॉरिटी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, विमान में 169 भारतीय यात्री, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडा और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे।