रूस मेंं रेल हादसा: पटरी से उतरी यात्री ट्रेन , सात की मौत 30 से अधिक घायल

 रूस मेंं रेल हादसा: पटरी से उतरी यात्री ट्रेन , सात की मौत 30 से अधिक घायल
मास्को। रूस के ब्रायन्सक में बड़ा रेल हादसा हुआ है। एक पुल ढह जाने के कारण एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। शनिवार देर रात हुए इस हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। हताहतों में दो बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना यूक्रेन की सीमा से सटे क्षेत्र में हुई है। इस पहलू पर भी जांच की जा रही है कि क्या किसी ने हमला तो नहीं किया।
हादसे के बारे में ब्रायन्सक के गवर्नर अलेक्जेंडर बोगोमाज़ ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है। पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि देश की आपातकालीन सेवाओं के कर्मी मौके पर मुस्तैद हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भेजा गया है।
दुर्घटना का कारण- परिवहन संचालन में अवैध हस्तक्षेप
हादसे के संबंध में मॉस्को रेलवे ने एक बयान में कहा गया कि हादसा ‘परिवहन संचालन में अवैध हस्तक्षेप’ के कारण हुआ। हालांकि अधिकारियों ने इस संबंध में उन्होंने फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं दी है। रूस की संघीय सड़क परिवहन एजेंसी ‘रोसावतोदोर’ ने बताया कि जो पुल ढहा है वह उन्हीं रेलवे ट्रैकों के ऊपर बना था जिनसे ट्रेन गुजर रही थी।