अयोध्या पहुंचे विराट और अनुष्का, श्रीराम के दर पर मत्था टेक लिया आर्शिवाद

 अयोध्या पहुंचे विराट और अनुष्का, श्रीराम के दर पर मत्था टेक लिया आर्शिवाद
अयोध्या। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली भगवान के दर पर माथा टेकने पहुंच रहे हैं। उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी उनके साथ हैं। रविवार को विराट अनुष्का के साथ अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां पूजा अर्चना की और भगवान श्रीराम के दर पर माथा टेका। पुजारी ने उन्हें फूल माला पहनाया और टीका लगाया। विराट इससे पहले वृंदावन भी पहुंचे थे और वहां संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाकर उनसे आशीर्वाद लिया था। कोहली फिलहाल आईपीएल में व्यस्त हैं और अपने आखिरी लीग राउंड के मैच के लिए लखनऊ में हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ आरसीबी को 27 मई को मुकाबला खेलना है। इससे पहले विराट ने अनुष्का के साथ अयोध्या जाने का मन बनाया। हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा अर्चना की। विराट ने इसी महीने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था और अब वह भारत के लिए सिर्फ वनडे खेलते नजर आएंगे। विराट के हाथ में प्रसाद भी दिखा। दोनों ने वहां मंदिर में काफी समय बिताया। इसका वीडियो भी सामने आया है।