ट्रेड शो में जेन अल्फा के हाथों में दिखी ‘दुनिया की कमान’
100 से अधिक विद्यार्थियों ने निभाई विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका, वैश्विक व्यापार से लेकर एआई तक पर हुआ मंथन
ग्रेटर नोएडा- उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को जेन अल्फा के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच का अनुभव हासिल किया। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)’ में कक्षा 9 से 12 तक के 14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई।
विद्यार्थियों ने वैश्विक व्यापार, विश्व अर्थव्यवस्था, तकनीक और बदलती वैश्विक आपूर्ति शृंखला जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित देशों की व्यापार नीतियों और वैश्विक मुद्दों पर उनके दृष्टिकोण को समझते हुए अपनी बात रखी तथा संवाद, तर्क-वितर्क और सहमति बनाने की प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया।
‘विकसित भारत 2047’ रहा मुख्य विषय
मॉडल यूनाइटेड नेशंस का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
विद्यार्थियों ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) के सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए सप्लाई चेन मैनेजमेंट, ट्रेड फैसिलिटेशन एग्रीमेंट, डिजिटल ट्रेड पर मोरेटोरियम, रूल्स ऑफ ओरिजिन, ऑटोमेशन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ई-कॉमर्स जैसे विषयों पर चर्चा की।
विद्यार्थियों ने समझी वैश्विक अर्थव्यवस्था
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किसी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उसकी आर्थिक परिस्थितियों, व्यापार नीतियों और वैश्विक मुद्दों पर उसके रुख को समझकर अपनी स्थिति प्रस्तुत करनी थी। इससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिए जाने वाले फैसलों में विभिन्न देशों के हित और आर्थिक परिस्थितियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में पब्लिक स्पीकिंग, रिसर्च, क्रिटिकल थिंकिंग, नेगोशिएशन और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा मिला।
ट्रेड शो में पवेलियन का भी किया भ्रमण
विद्यार्थियों ने ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए विभिन्न पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने प्रदेश के उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, हस्तशिल्प, संस्कृति और विरासत से जुड़े पहलुओं को करीब से देखा। इससे उन्हें उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता और सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर मिला।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न देशों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने और चर्चा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में रायन इंटरनेशनल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, जेएम इंटरनेशनल स्कूल, खेतान स्कूल, भारत राम ग्लोबल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, नारायणा स्कूल, असीसी कॉन्वेंट स्कूल, एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज, जागरण पब्लिक स्कूल और समरविल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
स्वागत उद्बोधन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतम बुद्ध नगर चंद्रशेखर के स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना से जोड़ते हुए वैश्विक व्यापार, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ई-कॉमर्स और आपूर्ति शृंखला जैसे विषयों की जानकारी दी गई। ट्रेड शो के बीच आयोजित इस मॉडल यूनाइटेड नेशंस ने विद्यार्थियों को कक्षा से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय मंच जैसा व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।http://Politicaltrust.in

