युवा संवाद में नितिन नवीन का संदेश-जीवन लंबी रेस, धैर्य और निरंतर प्रयास से मिलेगी सफलता

 युवा संवाद में नितिन नवीन का संदेश-जीवन लंबी रेस, धैर्य और निरंतर प्रयास से मिलेगी सफलता

Political Trust Magazine

जयपुर– भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जयपुर में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से कहा कि जीवन 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि लंबी रेस है। इसलिए छोटी असफलताओं से घबराने के बजाय धैर्य के साथ लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। समर्पण और निरंतर मेहनत से ही मंजिल हासिल की जा सकती है।
नितिन नवीन ने कहा कि किसी भी काम को छोटा नहीं समझना चाहिए। बड़े मन और पूरे समर्पण के साथ किया गया छोटा काम भी बड़ा बन जाता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि देश, समाज और अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट लक्ष्य तय करें। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सभी को योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा कि सफलता मिलने पर खुश होना आसान है, लेकिन असफलता के समय धैर्य बनाए रखना जरूरी है। छोटी निराशा के कारण जीवन को गलत दिशा में नहीं ले जाना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्त होने तक लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। नितिन नवीन ने जीवन का मंत्र बताते हुए कहा, “अतीत एक खजाना है, वर्तमान एक संघर्ष है और भविष्य एक सपना है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने युवाओं से कहा कि वे ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ देश और समाज के लिए काम करने की भावना भी जरूरी है। शिक्षा केवल अवसर ही नहीं देती, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का एहसास भी कराती है।
राठौड़ ने युवाओं से नशा मुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण जैसे सामाजिक कार्यों में भी भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर खुद लाभ उठाना चाहिए और जरूरतमंद लोगों तक भी इन योजनाओं की जानकारी पहुंचानी चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. भीमराव आंबेडकर के अंत्योदय, गरीब कल्याण और सेवा के विचारों को आगे बढ़ाते हुए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों का विकास देश के विकास से जुड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने गरीब कल्याण, विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में कई बदलाव देखे हैं। उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति संवेदनशील बनने और गरीबों के सुख-दुख में सहभागी बनने की अपील की।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार ने चार लाख सरकारी नौकरियां और छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान युवा नीति और राजस्थान कौशल नीति-2025 के माध्यम से युवाओं के लिए स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। 148 राजकीय आईटीआई के माध्यम से कार्य स्थापित किए गए हैं और 21 नए राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में अटल ज्ञान केंद्र खोलने की योजना है, जहां लाइब्रेरी, ई-मित्र और ऑनलाइन कोचिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी। उन्होंने कहा कि “एक नरेंद्र ने यह सपना देखा था और एक नरेंद्र इसे पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।”
http://Politicaltrust.in