IIFF 2026 में बिहार को मिले ₹125 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, फुटवियर-लेदर सेक्टर में 1,800 रोजगार के अवसर
नई दिल्ली- भारत मंडपम में आयोजित 10वें इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर (IIFF) 2026 में बिहार ने खुद को फुटवियर एवं लेदर उद्योग के उभरते विनिर्माण केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया। इस दौरान राज्य को फुटवियर और लेदर सेक्टर में कुल ₹125 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे लगभग 1,800 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
“Bihar: The Next Frontier of Global Footwear Manufacturing” विषय पर आयोजित राज्य सत्र में बिहार सरकार ने निवेशकों के सामने राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल माहौल, भूमि उपलब्धता, बेहतर कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स और विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार और दो प्रमुख कंपनियों के बीच निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने निवेशकों को बिहार में निवेश का आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं और अनुकूल नीतियां उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की श्रमशक्ति, संसाधन और कनेक्टिविटी इसे फुटवियर एवं लेदर उद्योग के लिए एक मजबूत निवेश गंतव्य बनाते हैं।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर के महवल में मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क विकसित किया गया है, जहां निवेशकों को प्लॉट और प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को शीघ्र स्वीकृति और आधुनिक औद्योगिक अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिल्ली स्थित बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में निवेश के इच्छुक उद्यमियों को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। वहीं, एफडीडीआई के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा ने कौशल विकास, डिजाइन और आधुनिक तकनीक को उद्योग की सफलता का आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान Lehar Footwear Private Limited के साथ ₹100 करोड़ तथा Patna Leather Garment के साथ ₹25 करोड़ के निवेश के लिए MoU किए गए। इन परियोजनाओं से क्रमशः लगभग 1,500 और 300 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। बिहार सरकार का मानना है कि इन निवेशों से राज्य में फुटवियर और लेदर उद्योग के साथ-साथ कंपोनेंट्स, कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास और सहायक उद्योगों को भी नई गति मिलेगी।
इससे पहले मेले का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। उन्होंने तकनीकी वस्त्र, आधुनिक विनिर्माण और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि भारत का फुटवियर उद्योग वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना सकता है।
भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय IIFF 2026 में देश-विदेश के फुटवियर निर्माता, निर्यातक, खरीदार, मशीनरी और प्रौद्योगिकी कंपनियां भाग ले रही हैं। बिहार की सक्रिय भागीदारी ने राज्य को फुटवियर एवं लेदर उद्योग में निवेश के उभरते केंद्र के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित किया।http://Politicaltrust.in
